सहारनपुर में देहरादून से लौटे पांच मजदूर कोरोना पॉजिटिव, संख्या हुई 249


 





सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में देहरादून से आये मजदूरों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 249 हो गई जबकि 208 मरीज ठीक भी हो चुके है। निकले।



जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि आज प्राप्त रिपोर्ट में पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। ये सभी लोग हाल ही में देहरादून से आये थे। सभी लोग मंडी में काम करते थे। सहारनपुर आने के बाद इन मजदूरो को बेहट क्षेत्र के कालूपुर जहानपुर में एकांतवास में रखा गया था। ये लोग देहरादून में कोरोना संक्रमित अपने साथी के संपर्क में आने के कारण संक्रमित हुए है। इनके साथी की देेहरादून में ही मौत हो गई थी। उसके बाद ये सहारनपुर आए थे।



उन्होंने बताया कि पांचों लोगों को कोविड-19 हास्पिटल में भर्ती करा दिया गया है। उन्होंनेे बताया कि जिले में 249 कोरोना पाॅजिटिव में से 208 स्वस्थ होकर घर लौट गए है। अभी जिले में 41 कोरोना सक्रिय मामले रह गए है।



जिलाधिकारी ने बताया कि देवबंद कस्बे को हाॅटस्पाट से मुक्ति मिल गई है। वहां नगर के मोहल्ला तेली मोरियान निवासी एक युवक गुफरान कोविड-19 हास्पिटल में भर्ती है। देवबंद में 100 से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हो गए थे और अब सभी स्वस्थ हो गए है।