पारस नाथ यादव के निधन के समाचार से, समाजवादी पार्टी मे छाया शोक

लखनऊ, विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री पारस नाथ यादव के निधन के समाचार से आज पार्टी मुख्यालय, लखनऊ में शोक छा गया। समाजवादी पार्टी कार्यालय में पार्टी का ध्वज आधा झुका दिया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने श्री पारसनाथ यादव के निधन पर गहरा शोक जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने श्री यादव के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।


श्री पारसनाथ यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी मुख्यालय में शोकसभा हुई जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री अहमद हसन, श्री अवधेश प्रसाद, श्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेश उत्तम पटेल तथा एम.एल.सी. श्री एसआरएस यादव आदि ने दो मिनट मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।


श्री अखिलेश यादव ने श्री पारसनाथ यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि श्री यादव ने किसानों तथा कमजोर वर्ग के लोगों के हितों के लिए जीवन पर्यन्त संघर्ष किया। इनका राजनीतिक सफर ग्राम पंचायत से लेकर देश की सबसे बड़ी पंचायत (लोकसभा) तक रहा। उनके निधन से समाजवादी पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है।


श्री पारस नाथ यादव 2 बार सांसद तथा 3 बार मंत्री भी रहे थे। वे राज्य विधानसभा में 7 बार विधायक निर्वाचित हुए थे। 73 वर्षीय श्री पारस नाथ यादव के तीन पुत्र और एक पुत्री है। आज उनका जौनपुर में 12ः10 बजे दिन में निधन हो गया। इधर वे कुछ समय से बीमार चल रहे थे।