लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर एक हजार से अधिक लोग गिरफ्तार




बाड़मेर, राजस्थान के बाड़मेर जिले में कोरोना महामारी के दौरान लागू लॉकडाउन के नियमों की पालना नहीं करने पर एक हजार से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया वहीं तेरह सौ से अधिक वाहन जब्त किये गये।



पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने आज बताया कि पुलिस ने अब तक लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन करने पर 1034 लोगों को गिरफ्तार किया है। श्री शर्मा ने बताया कि बिना काम घूमते हुए 1320 लोगों के वाहन जब्त कर 14 लाख 20 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला गया। जिलेभर में अभियान चलाकर 7944 वाहनों के चालान काटे गए।



उन्होंने बताया कि इसके साथ बिना मास्क लगाए 261 लोगों को पकड़ने के साथ 52 हजार रुपए का जुर्माना वसूला। लॉकडाउन में सामाजिक दूरी की पालना नहीं करने पर 28 के खिलाफ कार्रवाई की गई। इतना ही नहीं होम क्वारेंटाइन करने के बाद उल्लंघन करने पर सात के खिलाफ मामले दर्ज किए गए तथा 65 लोगों को होम से सरकारी क्वारेंटाइन सेंटर में शिफ्ट किया गया।



इसके अलावा बिना मास्क लगाए दुकानों पर सामन बेचते 47 व्यापारी मिले। उनसे जुर्माना वसूलने के साथ मास्क लगाने के लिए पाबंद किया गया। जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना पॉजिटिव मामलों को देखते हुए पुलिस ने आमजन से घरों में रहने की अपील की है कि कोरोना रोकथाम में प्रशासन का सहयोग करने के साथ लाॅकडाउन की सख्ताई से पालना की जाए।