कचरा वाहन से अवैध देशी शराब के साथ तीन गिरफ्तार

भोपाल,मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र से आज सुबह पुलिस ने नगर निगम के एक कचरा वाहन से अवैध देशी शराब बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस सूत्रों के अनुसार लालघाटी क्षेत्र स्थित तोप तिराहे के समीप सुबह नगर निगम के एक कचरा वाहन को रोका गया। तलाशी में वाहन से 81 लीटर (546 पाउच) अवैध कच्ची देशी शराब जब्त की गयी। पुलिस ने इस मामले में नगर निगम के तीन कर्मचारी सोन जटालिया, शंकर और बंटी पटोलिया को गिरफ्तार कर लिया है।


पकड़े गए तीनों आरोपी नगर निगम के स्थाई कर्मचारी हैं, जो शाहजहानाबाद क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच आरंभ कर दी है।