कोरोना के चलते मध्यप्रदेश के अधिकतर शहर लॉकडाउन

भोपाल, कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर राजधानी भोपाल सहित मध्यप्रदेश के अधिकतर शहरों को लॉकडाउन किया गया है। हालांकि इस दौरान आवश्यक सेवाएं चालू रहेंगी।


आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कोरोना की रोकथाम के लिए राजधानी भोपाल को जहां 31 मार्च तक लॉकडाउन किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य प्रमुख नगर ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, सागर, रीवा के अलावा अन्य कई नगरों को लॉकडाउन किया गया। इसके चलते इन सभी शहरों में लगभग सभी दुकानें बंद है, बस, ट्रेन एवं अन्य सभी परिवहन सेवाएं भी बंद की गयी। हालांकि इस दौरान आवश्वक सेवाएं प्रभावशील रहेंगी।


राज्य में अब तक कोरोना से संक्रमितों की संख्या बढ़कर छह हो गयी। इनमें जबलपुर में पांच तथा भोपाल में एक पाजिटिव मरीज मिला है। इसके अलावा प्रदेश भर के 75 संभावितों के प्रकरण जांच के लिए पुणे, नागपुर, भोपाल और जबलपुर भेजे गए, जिनमें छह पाॅजिटिव, 48 निगेटिव और 12 की रिपोर्ट आनी शेष है। इसके अलावा प्रभावित देशों से आने वाले 1208 यात्रियों की पहचान की जा चुकी है।


इनमें 709 को आइसोलेशन में रखा गया और 405 यात्रियों के सर्विलेंस का कार्य पूरा हो गया। इसके साथ ही 12 हजार 5 सौ 76 यात्रियों स्क्रीनिंग प्रदेश के अलग अलग एयरपोर्ट में की जा चुकी है।