अमित शाह की यात्रा पर चीन ने जताया ऐतराज, भारत ने दी ये प्रतिक्रिया

नयी दिल्ली,  भारत ने केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अरुणाचल प्रदेश की यात्रा पर चीन के ऐतराज को खारिज करते हुए गुरुवार को दोहराया कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अखंड एवं अविभाज्य हिस्सा है तथा भारतीय नेताओं के देश के किसी राज्य के दौरे पर बाहरी देश के आपत्ति करने का कोई कारण नहीं बनता है।


विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने यहां नियमित ब्रीफिंग में चीन के बयान पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर कहा, “अरुणाचल प्रदेश पर हमारा रुख स्पष्ट एवं सतत है। अरुणाचल प्रदेश भारत का एक अखंड एवं अविभाज्य हिस्सा है। भारतीय नेता अरुणाचल प्रदेश में नियमित रूप से उसी प्रकार से जाते हैं जैसे अन्य राज्यों में। भारतीय राजनेताओं की भारत के किसी राज्य में यात्रा पर आपत्ति करने हमें का कोई कारण और औचित्य नहीं लगता है। ”


श्री शाह की यात्रा पर चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने आपत्ति जताते हुए कहा कि चीन अरुणाचल प्रदेश को मान्यता नहीं देता है और चीन के तिब्बत क्षेत्र के दक्षिणी भाग में भारतीय राजनेता की यात्रा चीन की प्रादेशिक संप्रभुता का उल्लंघन है।