नवनियुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव अग्रवाल के, गृह नगर में जश्न का माहौल




लखनऊ , नवनियुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव अग्रवाल के गृह नगर में उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही जश्न का माहौल है।



नवनियुक्त मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव अग्रवाल ने इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई उत्तर प्रदेश के हसनपुर से की है। उनकी नियुक्ति की खबर मिलते ही अमरोहा के घर-घर जश्न का माहौल है।
कस्बे के मुहल्ला महल निवासी 1984 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव कुमार अग्रवाल को मुख्य चुनाव आयुक्त बनाया गया है। 19 फरवरी 1960 को कस्बा हसनपुर के मुहल्ला महल निवासी विशेश्वर दयाल एडवोकेट के घर जन्मे राजीव ने इंटर तक की शिक्षा हसनपुर के श्रीमती सुखदेवी इंटर कालेज से हासिल की। 1976 में इंटर पास करने के बाद 1978 तक हिंदू कालेज मुरादाबाद से बीएससी उत्तीर्ण की थी। इसके बाद आगे की पढ़ाई उन्होंने दिल्ली में की। वर्ष 1984 में झारखंड कैडर के आईएएस अफसर बनकर उन्होंने देश की सेवा की।



बीएससी तक की शिक्षा साथ ग्रहण करने वाले भंवर सिंह, सतीश अग्रवाल एडवोकेट, डॉ अब्दुल रहमान ने राजीव अग्रवाल के मुख्य चुनाव आयुक्त बनने की सूचना पाकर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। उनके दोस्त भंवर सिंह बताते हैं कि वह जब भी हसनपुर आते हैं अपने पुराने दोस्तों को नहीं भूलते। हसनपुर आने पर वह पुराने मित्रों के साथ मिलकर एक दूसरे का सुख-दुख साझा करने के साथ भोजन भी एक साथ करते हैं। श्रीमती सुखदेवी इंटर कालेज में राजीव अग्रवाल ने कस्बा निवासी सतीश अग्रवाल, डॉ अब्दुल रहमान तथा भंवर सिंह के साथ शिक्षा ग्रहण की है। उनका कहना है कि दोस्तों के बच्चों की शादी में भी राजीव ने हमेशा शिरकत की।



श्री अग्रवाल के बहनोई अनिल गोयल भारतीय वन सेवा के अधिकारी हैं। उनकी तैनाती जयपुर में है। वहीं बड़ी बेटी नियति अग्रवाल के पति रजत बंसल आइएएस हैं, उनकी तैनाती छत्तीसगढ़ के रायपुर के जिलाधिकारी हैं। वहीं छोटी बेटी स्तुति राज के पति अचिन कुमार दिल्ली कैडर में आइपीएस हैं।



मुख्य चुनाव आयुक्त बने राजीव अग्रवाल के पिता विशेश्वर दयाल एडवोकेट ने हसनपुर तहसील में लंबे समय तक प्रैक्टिस की है। करीब दो साल पहले उनकी माता संतोष देवी का निधन हो गया था। माता की मौत के बाद से श्री अग्रवाल पिता को अपने साथ रखते हैं। उनका परिवार दिल्ली में रह रहा है।



श्री अग्रवाल अकेले भाई हैं, उनकी एक बहन जागृति गोयल की शादी गाजियाबाद निवासी भारतीय वन सेवा के अधिकारी से हुई थी। इसके अतिरिक्त परिवार में तहेरे भाई ईश्वर चंद अग्रवाल हसनपुर में रहते हैं। वह आंबेडकर पार्क के नजदीक टाटा किसान केंद्र चलाते हैं।