दिल्ली हिंसा में ‘पिंजड़ातोड़’ संगठन की दो लड़कियां गिरफ्तार




नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के मामले में ‘पिंजड़ातोड़’ संगठन की दो लड़कियों को गिरफ्तार किया है।



पिंजड़ातोड़ ने एक बयान जारी कर शनिवार को बताया कि उनके दो सदस्यों देवांगना और नताशा को पुलिस ने आज शाम गिरफ्तार किया है। दोनों को उनके घरों से गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्पेशल सेल की ओर से पूछताछ के बाद जाफराबाद थाने की पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के कारणों के बारे में उनके परिजनों को नहीं बताया है।



बयान में कहा गया कि पिछले दो महीने में कई छात्रों और आंदोलनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह लोकतांत्रिक आवाजों को उठाने वालों की गिरफ्तारी निंदा करते हैं। दिल्ली हिंसा मामले में जामिया के शोधार्थी छात्र मीरान हैदर, सफूरा जरगर, आसिफ इकबाल तनहा तथा एल्युमनी असोसिएशन ऑफ जामिया मिल्लिया इस्लामिया (आजमी) के अध्यक्ष शिफाउर्रह्मान खान को गिरफ्तार किया गया है। इन छात्रों पर देशद्रोह, हत्या, हत्या के प्रयास, धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच नफरत को बढ़ावा देने और दंगा करने के अपराध के लिए भी मामला दर्ज किया गया है।



उल्लेखनीय है कि नागरिकता संशोधन कानून के समर्थकों और इसका विरोध करने वालों के बीच उत्तर पूर्वी दिल्ली में 23 से 26 फरवरी के बीच हिंसा हुईं थीं, जिसमें 50 से अधिक लोग मारे गए थे और सैकड़ों लोग घायल हो गए थे।